सरगुजा-सूरजपुर की संयुक्त समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, अक्टूबर तक पीएम आवास पूरे करने पर जोर

अंबिकापुर, 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बुधवार शाम कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सरगुजा और सूरजपुर जिले के विभागीय कार्यों की संयुक्त समीक्षा की। बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों, नगरीय सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था और खेल गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन की योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझें और सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता के साथ निर्वहन करें। विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता और नियमित मॉनिटरिंग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने बारिश के बाद खराब हुई सड़कों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने गड्ढों की भराई और पैच मरम्मत सहित आवश्यक कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आने वाला समय त्योहारों का है। ऐसे में सड़कों की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क एवं अन्य अधोसंरचना से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। भवन, सड़क, पुल-पुलिया समेत सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

अक्टूबर तक पूरे हों प्रधानमंत्री आवास

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रगतिरत आवासों को अक्टूबर माह तक पूरा करने के निर्देश सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को दिए। उन्होंने नगरीय निकायों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन, 15वें वित्त आयोग और रेन वाटर हार्वेस्टिंग से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि शहर किसी भी जिले और प्रदेश की पहचान होते हैं, इसलिए नगरीय व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने हर घर तक नल से पानी पहुंचाने को प्राथमिकता बताते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने तथा प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही नगरीय निकायों के राजस्व संग्रहण की हर महीने समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी पर जोर

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन सहित ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली गई। उपमुख्यमंत्री ने जलापूर्ति से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और पेयजल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने जल स्रोतों की उपलब्धता, पेयजल अधोसंरचना के रखरखाव और संचालित योजनाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया, ताकि लोगों को सुचारू पेयजल सुविधा मिल सके।

स्कूलों में बढ़ेंगी खेल गतिविधियां, संकुलवार पीटीआई चिन्हित करने के निर्देश

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। उपमुख्यमंत्री ने प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने खेल विभाग, जिला पंचायत और शिक्षा विभाग को समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रत्येक स्कूल संकुल स्तर पर एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हित करने को कहा।

बैठक में सरगुजा ओलंपिक के रजिस्ट्रेशन की भी जानकारी ली गई। उपमुख्यमंत्री ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ खेल संघों और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक युवा प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें।

कार्यालयों की व्यवस्था और साफ-सफाई पर भी फोकस

अरुण साव ने अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों की व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों में योजनाओं और उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया सेल गठित करने की बात कही।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा केवल बैठक तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारियों की मैदानी निगरानी भी सुनिश्चित हो। विभागों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में कलेक्टर सरगुजा अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील, जिला पंचायत सरगुजा की सीईओ रोमा श्रीवास्तव, जिला पंचायत सूरजपुर के सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, नगर निगम अंबिकापुर आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि बैठक में उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी विभाग टीम भावना के साथ काम करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *