राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हुई लड़ाई को आगे बढ़ाने का किया आह्वान, मतदाता सूची से नाम काटे जाने और प्रधानमंत्री के बयान पर उठाए सवाल

अम्बिकापुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा को देश के प्रत्येक नागरिक के अस्तित्व से जुड़ी लड़ाई बताते हुए कहा कि राहुल गांधी जी ने इस दिशा में जो लड़ाई शुरू की है, उसे आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है। यह केवल राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने का संघर्ष है।

भूपेश बघेल ने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि देश में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि 12 साल से सत्ता में रहने के बावजूद गृह मंत्री 3 करोड़ बांग्लादेशियों की बात करते हैं। यदि इतनी बड़ी संख्या में घुसपैठिए देश में मौजूद हैं, तो उन्हें रोकने की जिम्मेदारी किसकी है?

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम कटना केवल मतदान के अधिकार से वंचित होना नहीं है, बल्कि इसके दूरगामी परिणाम भी हो सकते हैं। इससे जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन और बच्चों की छात्रवृत्ति जैसी जरूरी सुविधाओं को लेकर भी समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। धीरे-धीरे ऐसी स्थिति नागरिकता को लेकर भी गंभीर सवाल पैदा कर सकती है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में जवानों के बीच प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नक्सलियों को समाप्त करने के बाद अब प्रधानमंत्री ‘दिमाग के नक्सली’ की बात कर रहे हैं। देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले जवानों के बीच इस तरह का बयान देना गंभीर सवाल खड़े करता है।

भूपेश बघेल ने कहा कि आज देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा। राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई इस लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *