भूपेश बघेल ने संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए जनता से एकजुट होने का किया आह्वान
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की वर्तमान स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले स्थानीय उद्योगपतियों को उद्योगों के विस्तार के लिए जमीन, कोयला और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती थीं, जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलता था। लेकिन आज स्थानीय उद्योग सिमटते जा रहे हैं और बाहरी उद्योगपतियों का विस्तार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की स्थिति भी चिंताजनक है। त्योहारों के अवसर पर भी सरकारी उचित मूल्य की दुकानों में शक्कर, चना और गुड़ जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही है। सरकारी अस्पतालों में दवाइयों और डॉक्टरों की कमी है, स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं और कॉलेजों में प्रोफेसरों का अभाव बना हुआ है। वहीं आम जनता लगातार बढ़ती महंगाई से जूझ रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम सभी संविधान, लोकतंत्र और अपने मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट हों। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा।
भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा किए जाने का उदाहरण देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि जिस तरह भगवान श्रीकृष्ण ने सभी की रक्षा के लिए सामूहिक शक्ति का परिचय दिया था, उसी तरह आज हम सबको एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी उठानी होगी।
