लखनपुर। लखनपुर के बहुचर्चित विद्या ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नव निर्वाचित विद्यार्थियों को विद्यालय से जुड़े विभिन्न दायित्व सौंपे गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने जिम्मेदारियों का निष्ठा और अनुशासन के साथ निर्वहन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ओमी सेंट यूजिन स्कूल बोदा के प्राचार्य उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान नव निर्वाचित शाला प्रधान मंत्री विभूति मिंज और उप शाला प्रधानमंत्री अबीता कुजूर को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही अन्य विद्यार्थियों को शिक्षा मंत्री, अनुशासन मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, खेल मंत्री सहित विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नव नियुक्त छात्र-छात्राओं को बैच और पट्टा पहनाकर शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

नेतृत्व का मतलब जिम्मेदारी और सेवा
मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं है, बल्कि इसके साथ जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा और सहयोग की भावना भी जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को भी प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य बताते हुए नव निर्वाचित विद्यार्थियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं विशिष्ट अतिथि ने विद्यार्थियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी को नेतृत्व करने का अवसर नहीं मिलता, इसलिए जब जिम्मेदारी मिले तो उसे पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ निभाना चाहिए। विद्यार्थियों को नेतृत्व के अवसरों से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। रंगारंग कार्यक्रमों ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा भावना को विकसित करना रहा।

