पीएम आवास से लेकर मनरेगा, आजीविका, पोषण और छात्रावास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा; 15 दिन में आवास निर्माण में प्रगति लाने के निर्देश

लखनपुर अंबिकापुर, 1 सितंबर 2026। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में विकास योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति देखने के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने मंगलवार को दूरस्थ ग्राम पंचायतों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न गांवों में पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी-आर (VB-R), मनरेगा, आजीविका, पोषण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

लैगा और बगदर्री में निर्माण कार्यों की जांच

सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम पंचायत लैगा और बगदर्री में प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी-आर तथा वीबी जी राम जी के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मनरेगा और एनआरएलएम के अभिसरण से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति भी देखी गई।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से सीधे मुलाकात कर निर्माण की प्रगति जानी और अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

महुआपारा आंगनबाड़ी को बनाया जा रहा मॉडल केंद्र

बगदर्री के महुआपारा आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इस केंद्र को आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

सीईओ ने बच्चों की संख्या और उनकी उपस्थिति की जानकारी ली तथा बच्चों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों के बारे में जाना। उन्होंने सेक्टर सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र की व्यवस्थाओं और समस्याओं की जानकारी भी ली।

उन्होंने विकासखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में हरी साग-सब्जियों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

छात्रावास में बच्चों से पूछा- खाना कैसा मिल रहा है?

ग्राम निम्हा स्थित बालक छात्रावास पहुंचकर सीईओ ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत करते हुए उनके खान-पान, रहने की व्यवस्था, पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी ली।

छात्रावास अधीक्षक से शासन द्वारा निर्धारित मेनू और समय-सारणी के अनुसार भोजन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

तीन एकड़ में खीरे की खेती देखी, लखपति दीदी की आय की ली जानकारी

बगदर्री के सीएलएफ क्षेत्र में एक लखपति दीदी द्वारा लगभग तीन एकड़ में की जा रही खीरे की खेती का भी निरीक्षण किया गया।

सीईओ ने खेती की प्रक्रिया, उत्पादन, बाजार, सप्लाई व्यवस्था और इससे होने वाली आय के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं और स्व-सहायता समूह की सदस्यों को कृषि सहित अन्य लाभदायक आजीविका गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक माह सीएलएफ की बैठक में लखपति दीदियों की बैठक आयोजित कर उनकी आजीविका गतिविधियों की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

कुंवरपुर में पोल्ट्री फार्म और अन्य गतिविधियों का जायजा

ग्राम कुंवरपुर में सीएलएफ से जुड़ी विभिन्न आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। यहां संचालित पोल्ट्री फार्म, एलएससी केंद्र और श्री छेरी बैंक की गतिविधियों की जानकारी ली गई।

इस दौरान संबंधित कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और उनकी प्रगति पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अटल डिजिटल सेवा केंद्र में नेटवर्क की समस्या

ग्राम बिनकरा स्थित अटल डिजिटल सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। यहां नेटवर्क संबंधी समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारी को समस्या का जल्द निराकरण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।

74 ग्राम पंचायतों की एक साथ हुई समीक्षा

मैदानी निरीक्षण के बाद जनपद पंचायत लखनपुर में विकासखंड की सभी 74 ग्राम पंचायतों के सचिवों, रोजगार सहायकों और जनपद पंचायत के कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, निर्माण कार्यों सहित विभिन्न विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना को प्राथमिकता देते हुए सभी पंचायत सचिवों को आगामी 15 दिनों के भीतर आवास निर्माण कार्यों में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

तालाबों के गहरीकरण और सुदृढ़ीकरण पर जोर

वीबी राम जी के तहत लंबे समय से लीज पर दिए गए तालाबों और पर्याप्त पानी वाले तालाबों के गहरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों को प्राथमिकता से कराने के निर्देश भी दिए गए।

सीईओ ने फील्ड स्तर पर योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और निर्माण स्थलों के निरीक्षण पर विशेष जोर दिया, ताकि योजनाओं का लाभ कागजों से निकलकर वास्तविक रूप से ग्रामीणों तक पहुंच सके।

इस अवसर पर जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, आरईएस एसडीओ, प्रधानमंत्री आवास योजना बीसी, एबीपी फेलो, एनआरएलएम की जिला टीम से डीएम एवं डीपीएम सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *