लखनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में भवन की जर्जर स्थिति अब मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे नवजात शिशु देखभाल इकाई (NBSU) के एक कमरे की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को आपातकालीन ड्यूटी के लिए चिकित्सक के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद करीब 9:30 बजे NBSU के कमरे की फॉल सीलिंग गिरने की घटना सामने आई। घटना की सूचना तत्काल खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) को दी गई।

बताया जा रहा है कि NBSU के उक्त कमरे का उपयोग आपातकालीन ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों के रुकने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर किया जा रहा था। ऐसे में कमरे की फॉल सीलिंग का अचानक गिरना स्वास्थ्य केंद्र की भवन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पहले प्रसव कक्ष की हालत हुई थी खराब

स्वास्थ्य केंद्र के प्रसव कक्ष के क्षतिग्रस्त होने के बाद अब NBSU की फॉल सीलिंग गिरने की घटना ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। वहीं चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी नियमित रूप से ड्यूटी करते हैं। ऐसे में भवन के जर्जर हिस्सों को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं।

समय रहते मरम्मत की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर हिस्सों की तत्काल जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराई जानी चाहिए। यदि समय रहते भवन की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण कराकर मरम्मत अथवा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

अब देखना होगा कि घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से भवन की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं और जर्जर हिस्सों की मरम्मत का कार्य कितनी जल्द शुरू होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *