करीब 200 महिलाएं बच्चों के साथ पहुंचीं लखनपुर, चौपाल संस्था ने बसों की व्यवस्था कर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया
लखनपुर। बेहतर शिक्षा हासिल करने की चाह रखने वाली महिलाओं के सामने अब परीक्षा केंद्र की दूरी बड़ी परेशानी बन गई है। लखनपुर विकासखंड में ओपन परीक्षा केंद्र नहीं होने के कारण 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाली करीब 200 महिलाओं को दूर-दराज के गांवों से लखनपुर पहुंचने के बाद भी परीक्षा देने के लिए अंबिकापुर जाना पड़ा। महिलाओं को राहत देने के लिए चौपाल संस्था द्वारा बसों की वैकल्पिक व्यवस्था कर उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, लखनपुर विकासखंड के मांजा, चोड़ेया, सकरिया, कुंवरपुर, अंधला सहित कई दूरस्थ ग्राम पंचायतों से महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ निजी साधनों और किराए के वाहनों से लखनपुर पहुंचीं। महिलाओं का कहना है कि पहले उन्हें अपने गांव से लखनपुर आने के लिए किराया खर्च करना पड़ा और इसके बाद परीक्षा देने के लिए अंबिकापुर तक की दूरी तय करनी पड़ी।
पूर्व में दिया गया था परीक्षा केंद्र बनाने का आश्वासन
महिलाओं ने बताया कि उन्होंने पूर्व में क्षेत्रीय विधायक राजेश अग्रवाल और जिला पंचायत सदस्य विजय अग्रवाल को अपनी समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से लखनपुर में ओपन परीक्षा केंद्र बनाए जाने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, अब तक लखनपुर में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाने से महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बच्चों को साथ लेकर परीक्षा देने पहुंचीं महिलाएं
परीक्षा देने पहुंची कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों को भी साथ लेकर आई थीं। दूरस्थ गांवों से पहले लखनपुर और फिर वहां से अंबिकापुर जाने की मजबूरी के कारण महिलाओं को समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियां झेलनी पड़ीं। महिलाओं का कहना है कि यदि लखनपुर में ही परीक्षा केंद्र उपलब्ध होता तो उन्हें अतिरिक्त किराया खर्च करने के साथ इतनी लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती।
बस व्यवस्था से मिली राहत
महिलाओं की समस्या को देखते हुए चौपाल संस्था द्वारा बसों की व्यवस्था की गई, जिसके माध्यम से लखनपुर पहुंचे परीक्षार्थियों को अंबिकापुर स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया। इससे महिलाओं को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन उनका कहना है कि यह स्थायी समाधान नहीं है।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि लखनपुर में जल्द से जल्द ओपन परीक्षा केंद्र बनाया जाए, ताकि आने वाले समय में दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को परीक्षा देने के लिए अनावश्यक रूप से अंबिकापुर नहीं जाना पड़े। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और लखनपुर में परीक्षा केंद्र कब तक शुरू किया जाता है।
