रायपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित पदकों में छत्तीसगढ़ के होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस विभाग के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। नगर सेना मुख्यालय रायपुर में पदस्थ अतिरिक्त प्रधान सेनानी (होमगार्ड) श्री राजेश पाण्डेय को उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित विशिष्ट सेवा पदक (VSM) से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।
राष्ट्रीय स्तर पर इस वर्ष होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस विभाग से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित महज तीन अधिकारियों में श्री राजेश पाण्डेय का नाम शामिल है। उनकी इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

श्री पाण्डेय का सेवाकाल अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए जाना जाता है। आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था तथा नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को विशेष रूप से उल्लेखनीय माना गया है।
विशिष्ट सेवा पदक उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है। श्री पाण्डेय इससे पहले वर्ष 2017 में सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित हो चुके हैं। लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल के बाद उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान मिलने से नगर सेना मुख्यालय रायपुर सहित प्रदेश के होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस परिवार में हर्ष का माहौल है।
श्री राजेश पाण्डेय की इस उपलब्धि को उनके व्यक्तिगत सेवाकाल की उपलब्धि के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।

