कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया ध्वजारोहण, शहीद परिवारों का सम्मान; 79 उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

अंबिकापुर, 15 अगस्त। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर अंबिकापुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन तथा पशुधन विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

मुख्य अतिथि मंत्री श्री नेताम ने कलेक्टर श्री अजीत वसंत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया। राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। पुलिस बल और नगर सेना की सशस्त्र टुकड़ियों ने हर्ष फायर के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

13 प्लाटूनों ने दिखाया अनुशासन और जोश

समारोह में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती तृप्ति सिंह राजपूत और सेकंड इन परेड कमांडर प्रशिक्षु सुश्री पेविन वर्मा के नेतृत्व में 13 प्लाटूनों ने शानदार मार्चपास्ट किया। जिला पुलिस बल, नगर सेना, नव आरक्षक दल, एनसीसी, स्काउट-गाइड तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के दलों ने अनुशासन और कदमताल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

देशभक्ति की धुनों के बीच जवानों और विद्यार्थियों ने कदम से कदम मिलाते हुए मार्चपास्ट किया और मुख्य मंच के सामने पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज तथा मुख्य अतिथि को सलामी दी। परेड के दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। उर्सुलाइन विद्यालय के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् पर प्रस्तुति देकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। जवाहर नवोदय विद्यालय ने ‘विरासत से विकास’ की थीम पर प्रस्तुति दी।

होली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल ने ‘आत्मनिर्भर भारत-नए भारत का गौरव’ विषय पर नृत्य और प्रदर्शनों के माध्यम से देश की प्रगति का संदेश दिया। कार्मेल स्कूल ने ‘स्वतंत्रता से संकल्प तक—हमारा भारत, हमारी जिम्मेदारी’ विषय पर प्रस्तुति दी, जबकि मोंटफोर्ट स्कूल ने भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत किया। सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक मॉडल और प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना प्रदर्शित की।

12 शहीद परिवारों का सम्मान

समारोह के दौरान देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 12 शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया।

79 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला सम्मान

अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 79 अधिकारी-कर्मचारियों को समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

समारोह में सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा श्री दीपक झा, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह ने स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *