अंबिकापुर, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के दिन लागू ड्राई डे के बावजूद शराब की अवैध बिक्री करने के आरोप में आबकारी विभाग ने बाबूपारा इलाके में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से व्हिस्की और बीयर समेत कुल 27.2 लीटर विदेशी मदिरा बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान शराब के परिवहन में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक ऑटो और शराब रखने के लिए उपयोग किया जा रहा फ्रिज भी जब्त किया गया है।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता और जिला आबकारी सरगुजा की संयुक्त टीम अवैध शराब के खिलाफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आनंद सोनी नामक व्यक्ति ऑटो के जरिए इलाके में घूम-घूमकर शराब बेच रहा है। यह भी जानकारी मिली कि उसने बाबूपारा स्थित किराए के कमरे में शराब का स्टॉक रखा है।
सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने बाबूपारा स्थित मकान में दबिश दी। टीम की कार्रवाई के दौरान आरोपी ऑटो लेकर बाहर निकलने की तैयारी में था, जिसे मौके पर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान ऑटो में रखे पिट्ठू बैग से 8 पीएम व्हिस्की की 7 बोतलें मिलीं। इसके बाद किराए के कमरे की तलाशी लेने पर फ्रिज से 12 नग सिंबा बीयर और 6 नग गॉडफादर बीयर बरामद हुई। कमरे में रखे सामान की जांच में 13 नग 8 पीएम व्हिस्की और 16 नग सिंबा केन बीयर भी मिली।
आबकारी टीम ने बरामद शराब के साथ इलेक्ट्रॉनिक ऑटो और फ्रिज को भी जब्त कर लिया। विभाग के मुताबिक जब्त की गई विदेशी मदिरा की कुल मात्रा 27.2 लीटर है।
आरोपी आनंद सोनी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय एवं एल.के. गायकवाड़ के निर्देशन में तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में आबकारी उप निरीक्षक सौरभ साहू द्वारा की गई। टीम में टी.आर. केहरी, आकाश साहू, राहुल भगत, अनिल गुप्ता, प्रिया गुप्ता और सरिता साहू शामिल रहे।
ड्राई डे के दौरान हुई इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।
