अम्बिकापुर, 17 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, रायपुर के निर्देशानुसार उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 15 अगस्त को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में उल्लास महाचौपाल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को सरपंच एवं ग्राम प्रभारियों के नेतृत्व में उल्लास साक्षरता मोबाइल टॉर्च रैली, मशाल रैली और प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

15 अगस्त को ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक उल्लास शपथ, महाचौपाल, कहानियों का कारवां, मातृत्व साक्षरता, अंगूठा मुक्त पंचायत, डिजिटल साक्षरता, सेल्फी प्वाइंट, ‘अंगूठे से कलम तक’ सम्मान समारोह, साक्षरता रंगोली, नुक्कड़ नाटक, उल्लास की घंटी एवं नवसाक्षर शिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। जिले के विद्यालय परिसरों में देशभक्ति, साक्षरता एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा रैली एवं उल्लास महाचौपाल जनजागरूकता रैली से हुई। बच्चों एवं ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर क्षेत्र का भ्रमण कर देशभक्ति, शिक्षा एवं साक्षरता का संदेश दिया। ग्रामीणों को साक्षरता के महत्व से अवगत कराने के साथ अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। जन-जन तक शिक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए दीवार लेखन किया गया तथा हल्दी-चावल का पारंपरिक न्योता देकर ग्रामीणों और माताओं को साक्षरता अभियान में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया।

महाचौपाल में जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने का माध्यम है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा से जोड़ना सामूहिक जिम्मेदारी है।

शाम को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशाल टॉर्च एवं मशाल रैली निकाली गई। टॉर्च की रोशनी के माध्यम से साक्षरता के प्रकाश से अज्ञानता के अंधकार को दूर करने का संदेश दिया गया। आयोजन में ग्राम प्रभारी शिक्षक, संकुल समन्वयक, प्राचार्य एवं कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, माताएं, स्वयंसेवी कार्यकर्ता तथा नवसाक्षर शिक्षार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

जिला परियोजना अधिकारी श्री गिरीश गुप्ता ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामवासियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी शिक्षकों एवं नवसाक्षरों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपील की कि आगामी सितंबर माह में आयोजित होने वाली महापरीक्षा में उल्लास कक्षाओं में अध्ययनरत सभी शिक्षार्थी शत-प्रतिशत शामिल होकर अपना आकलन कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *