कुसमी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अमरपुर के आमादारा पाठपारा में शनिवार की शाम दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पति को डूबता देख उसे बचाने तालाब में उतरी पत्नी भी गहरे पानी में समा गई। दोनों को बचाने के लिए पत्नी की बड़ी बहन ने भी तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी डूबने लगी। इस दौरान तालाब में मछली पकड़ रहे एक ग्रामीण ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद गांव और मृतकों के परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार आमादारा पाठपारा निवासी मुनेश्वर नगेशिया (50), पिता ननका नगेशिया, 14 अगस्त को अपनी बहन के घर ग्राम अमरठा गया था। इसकी जानकारी मिलने पर उसकी पत्नी घिरनी बाई (47) भी अपनी बड़ी बहन जशमति के साथ वहां पहुंची थी। बताया गया कि 15 अगस्त की शाम तीनों जंगल के रास्ते पैदल अपने गांव वापस लौट रहे थे।
तालाब में नहाने और मछली पकड़ने उतरा मुनेश्वर
रास्ते में तीनों वन विभाग द्वारा निर्मित बड़का जोभी तालाब के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि इस दौरान तीनों ने हड़िया शराब पी रखी थी। तालाब के पास पहुंचने पर मुनेश्वर ने नहाने और मछली पकड़ने की बात कही और तालाब में उतर गया।
कुछ देर तक जब मुनेश्वर पानी से बाहर नहीं आया तो उसकी पत्नी घिरनी बाई को अनहोनी की आशंका हुई। पति को बचाने के लिए वह भी तालाब में उतर गई। लेकिन गहरे पानी में पहुंचते ही वह खुद भी डूबने लगी।
बहन को बचाने उतरी जशमति, ग्रामीण ने बचाई जान
घिरनी बाई को डूबता देख उसकी बड़ी बहन जशमति ने भी दोनों को बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। वह भी गहरे पानी में फंसकर डूबने लगी। जशमति ने मदद के लिए शोर मचाया। उसी समय तालाब में मछली पकड़ रहे ग्रामीण अर्जुन नगेशिया की नजर उस पर पड़ी।
अर्जुन ने तत्काल पानी में उतरकर जशमति को बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि मुनेश्वर और घिरनी बाई को नहीं बचाया जा सका। दोनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
दूसरे दिन तालाब से निकाले गए शव
घटना के बाद अर्जुन ने गांव के चौकीदार और सरपंच को इसकी सूचना दी। रात हो जाने के कारण पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी। अगले दिन रविवार को कुसमी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। तब तक दोनों के शव पानी के ऊपर आ चुके थे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से पति-पत्नी के शव तालाब से बाहर निकाले गए।
कुसमी में शव वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को निजी वाहन से दोनों शव कुसमी लाने पड़े। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। घटना को लेकर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
