286 छात्राओं ने पेश की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति, कलेक्टर अजीत वसंत ने दी बधाई

अंबिकापुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सरगुजा संभाग की छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया। 15 अगस्त को हुए मुख्य समारोह में छात्राओं की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं और इस उपलब्धि से सरगुजा जिले के साथ पूरे संभाग का गौरव बढ़ा।

शानदार प्रदर्शन के बाद छात्राओं ने 18 अगस्त को कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात की। कलेक्टर ने सभी छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके अनुशासन, मेहनत और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

286 छात्राओं ने किया सरगुजा का प्रतिनिधित्व

शासकीय कन्या शिक्षा परिसर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर और शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर अंबिकापुर की कुल 286 छात्राओं ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व किया।

छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से भारत की गौरवशाली स्वतंत्रता यात्रा, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, देश की विविधता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रभावशाली तरीके से सामने रखा। प्रस्तुति में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने की भावना को भी विशेष रूप से शामिल किया गया।

वीरों के बलिदान से आधुनिक भारत तक की झलक

सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान से लेकर आधुनिक भारत की उपलब्धियों और युवा शक्ति के जोश को विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिए जीवंत किया गया। छात्राओं के अनुशासन, ऊर्जा और देशभक्ति से भरे प्रदर्शन को दर्शकों ने करतल ध्वनि के साथ सराहा।

राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया। स्कूली विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कठिन अभ्यास और अनुशासन से मिली सफलता

इस उपलब्धि के लिए जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने लंबे समय तक अभ्यास किया। प्रस्तुति की कोरियोग्राफी अनुराधा श्रीवास्तव और तुषार सरकार ने तैयार की।

कलेक्टर से मुलाकात के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा सहित शिक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सरगुजा की 286 छात्राओं की इस सफलता से विद्यालयों के साथ जिले और पूरे संभाग में खुशी का माहौल है। शिक्षा विभाग ने छात्राओं, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *