अम्बिकापुर, 21 अगस्त 2026। जिले में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे पेयजल कार्यों की प्रगति को लेकर कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष अजीत वसंत ने अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में एकल ग्राम योजना और समूह जल प्रदाय योजनाओं की स्थिति की योजनावार समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में जल स्रोत उपलब्ध है और जरूरी निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, उन्हें बिना देरी शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाओं से जुड़े गांवों में शत-प्रतिशत परिवारों तक नियमित पेयजल पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
पूर्ण कार्यों का भुगतान समय पर करने के निर्देश
बैठक में ठेकेदारों के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठा। कलेक्टर ने कहा कि जिन ठेकेदारों के कार्य निर्धारित मापदंड के अनुसार पूरे हो चुके हैं, उनके देयकों की आवश्यक जांच पूरी कर समय पर भुगतान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि पूर्ण कार्यों के बावजूद अनावश्यक रूप से भुगतान लंबित रखने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को पूर्ण हो चुके कार्यों का संयुक्त रूप से मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। भौतिक सत्यापन के दौरान निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच करने को कहा गया।
लंबित बिल एक माह में पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश
कलेक्टर ने बैठक में लंबित बिलों की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित बिलों को एक माह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। पूर्ण कार्यों की नियमानुसार जांच के बाद भुगतान संबंधी कार्रवाई भी समयबद्ध तरीके से करने को कहा।
पुरानी योजनाओं के शेष कार्य तत्काल शुरू हों
कलेक्टर ने पुरानी स्कीम के तहत लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़ी योजनाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और मैदानी स्तर पर प्रगति की लगातार समीक्षा करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए जल जीवन मिशन के कार्यों में गति के साथ गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को पूर्ण योजनाओं का भुगतान, जल स्रोत उपलब्ध योजनाओं को शीघ्र शुरू करने और लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर ग्रामीणों तक योजना का वास्तविक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
