अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम खैरबार में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध महुआ शराब बनाने के ठिकाने पर कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने मौके से 135 लीटर तैयार महुआ शराब और करीब 4,700 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। विभाग के अनुसार जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 48 हजार 500 रुपए है।
जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग को खैरबार में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जिला आबकारी अधिकारी एलके गायकवाड़ की मौजूदगी में टीम ने गुरुवार को ग्राम खैरबार में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक घर के परिसर में शराब बनाने का काम चलता मिला।
छह भट्ठियों पर चल रहा था शराब बनाने का काम

जांच के दौरान मौके पर छह भट्ठियां मिलीं, जिनका इस्तेमाल महुआ शराब तैयार करने में किया जा रहा था। टीम को प्लास्टिक के बड़े डिब्बों में भारी मात्रा में महुआ लाहन भी मिला। आबकारी अमले ने तैयार शराब को जब्त करने के साथ लाहन का नमूना जांच के लिए लिया और शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इसके अलावा शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल की जा रही छह भट्ठियों को भी टीम ने मौके पर तोड़कर नष्ट कर दिया।
महिला गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

कार्रवाई के दौरान अमृता तिर्की पति जैमिल तिर्की को गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विभाग के मुताबिक जब्त 135 लीटर महुआ शराब और 4,700 किलोग्राम लाहन समेत अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2,48,500 रुपए है।
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई
अंबिकापुर क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले आबकारी विभाग की संभागीय उड़नदस्ता टीम ने शहर के पटपरिया और बिशुनपुर इलाके में कार्रवाई कर महुआ शराब तथा बड़ी मात्रा में लाहन बरामद किया था।
लगातार सामने आ रहे अवैध शराब निर्माण के मामलों ने ग्रामीण और शहर से लगे इलाकों में चल रहे इस कारोबार पर निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
