अंबिकापुर। शहर की बदहाल और जर्जर सड़कों को लेकर अब नागरिकों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया है। सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिन्द के नेतृत्व में शनिवार 22 अगस्त को दोपहर 12 बजे खरसिया रोड पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन के माध्यम से शहर में एनएच, लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम के अंतर्गत आने वाली खराब सड़कों की स्थिति की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे होने और लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरना प्रदर्शन के बाद कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से भारत सरकार, छत्तीसगढ़ सरकार और नगर निगम प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में जर्जर सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य जल्द शुरू कराने की मांग रखी जाएगी।
सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिन्द ने नागरिकों से धरना प्रदर्शन में शामिल होकर सड़क सुधार की मांग को मजबूती देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ा विषय है।
प्रदर्शन के लिए “जर्जर सड़कों को दुरुस्त करो, जनता की मांग पूरी करो” का नारा दिया गया है। आयोजकों ने शहरवासियों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
