अम्बिकापुर, 21 अगस्त 2026। आगामी NEET-PG परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर अजीत वसंत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं लाईवलीहुड कॉलेज अम्बिकापुर पहुंचकर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों की सुविधा के साथ सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दो केंद्रों पर 66 परीक्षार्थी होंगे शामिल
लाईवलीहुड कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र की दो कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया गया। यहां कुल 40 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था है। कलेक्टर ने कंप्यूटर सिस्टम, परीक्षा कक्ष, प्रवेश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति देखी।
वहीं शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अम्बिकापुर को दूसरा परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां दो कक्षों में 26 परीक्षार्थियों के परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था की गई है। दोनों केंद्रों को मिलाकर कुल 66 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
CCTV और सुरक्षा व्यवस्था की जांच

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्र में लगे CCTV कैमरों की स्थिति देखी। उन्होंने परीक्षा के दौरान महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी रखने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी ली।
अधिकारियों ने महिला और पुरुष शौचालयों का निरीक्षण कर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा महिला एवं पुरुष फ्रिस्किंग क्षेत्र, प्रवेश और निकासी व्यवस्था तथा परिसर में परीक्षार्थियों की आवाजाही का भी जायजा लिया गया।
पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी फोकस
परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति न बने और परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। केंद्रों पर स्वच्छता, सुरक्षा, CCTV निगरानी, मूलभूत सुविधाओं और प्रवेश-निकासी की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
30 अगस्त को होगी परीक्षा

जिला प्रशासन के अनुसार दोनों परीक्षा केंद्रों पर 30 अगस्त 2026 को परीक्षा आयोजित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की तैयारियों को समय रहते पूरा करने और परीक्षा के दिन सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर राम सिंह ठाकुर, सहायक संचालक ललित कुमार पटेल, प्राचार्य गिरीश गुप्ता, सहायक परियोजना अधिकारी अकरम खान सहित पॉलिटेक्निक एवं लाईवलीहुड कॉलेज के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
