लगातार बारिश के बीच बांध के निचले हिस्से से निकल रहा पानी, ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग की

रामानुजगंज/रामचन्द्रपुर। बलरामपुर जिले के रामचन्द्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नीलकंठपुर स्थित उबका बांध में लगातार हो रहे पानी के रिसाव ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही भारी बारिश के बीच बांध के निचले हिस्से से लगातार पानी निकल रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते रिसाव पर रोक नहीं लगी तो बांध की संरचना कमजोर पड़ सकती है और आसपास के गांवों में बड़ा नुकसान हो सकता है।

ग्रामीणों के अनुसार, बांध के नीचे स्थित करीब 100 एकड़ कृषि भूमि जलभराव की चपेट में आ सकती है। वहीं बांध के निचले हिस्से में बसे 10 से 15 घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है। इसे देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल तकनीकी जांच और मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।

बांध के नीचे से लगातार बह रहा पानी

ग्रामीणों का कहना है कि इस वर्ष बारिश शुरू होने के बाद बांध के निचले हिस्से में एक स्थान से पानी रिसना शुरू हुआ। अब पानी लगातार बांध के नीचे से रास्ता बनाकर बाहर निकल रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण रिसाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

वर्ष 2008 में निर्मित उबका बांध नीलकंठपुर और आसपास के कई गांवों के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख जलस्रोत है। बड़ी संख्या में किसान अपनी खेती के लिए इसी बांध के पानी पर निर्भर हैं। ऐसे में बांध की सुरक्षा सीधे किसानों की आजीविका से जुड़ा मुद्दा बन गई है।

2017 में भी क्षतिग्रस्त हुआ था बांध

ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2017 में भी उबका बांध का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। उस समय प्रशासन को सूचना देने के बावजूद पर्याप्त सहायता नहीं मिली, जिसके बाद ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाकर वर्ष 2018 में बांध की मरम्मत कराई थी।

इस बार जिस स्थान से पानी रिस रहा है, वह पुराने क्षतिग्रस्त हिस्से से कुछ आगे बताया जा रहा है। पिछली घटना को देखते हुए ग्रामीण इस बार किसी बड़े हादसे से पहले स्थायी समाधान चाहते हैं।

शिकायत के बाद मौके पर पहुंचा प्रशासन

ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर और संबंधित विभागों को सूचना देने के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। एसडीएम, तहसीलदार, वन विभाग के कर्मचारी सहित अन्य अधिकारियों ने बांध की स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीण सुरेंद्र यादव ने बताया कि बारिश शुरू होने के बाद से लगातार पानी निकल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो बांध के नीचे स्थित खेतों और घरों को गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से इसे केवल सिंचाई नहीं, बल्कि जनसुरक्षा का मामला मानते हुए कार्रवाई करने की मांग की।

किसानों की जीवनरेखा है उबका बांध

रामचन्द्रपुर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास ने कहा कि उबका बांध आसपास के किसानों के लिए जीवनरेखा है। इसकी सुरक्षा और समय पर मरम्मत बेहद जरूरी है ताकि किसानों की फसल और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव से भी मरम्मत के लिए मदद मांगी थी, लेकिन फंड उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं जेसीबी लगाकर रिसाव वाले हिस्से में मरम्मत का प्रयास किया। इस दौरान सरपंच की ओर से करीब दो हजार रुपये की सहायता दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

बारिश जारी, ग्रामीणों की बढ़ी चिंता

क्षेत्र में लगातार बारिश होने से ग्रामीण बांध की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उनका कहना है कि संबंधित विभाग तत्काल बांध की तकनीकी जांच कर रिसाव वाले हिस्से की स्थायी मरम्मत कराए और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करे, ताकि किसानों की फसल और निचले हिस्से में रहने वाले परिवारों को किसी संभावित हादसे से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *