हर माह मिलने वाली ₹1,000 की राशि पोस्ट ऑफिस में जमा कर बेटी की पढ़ाई के लिए कर रहीं सुरक्षित
अम्बिकापुर, 24 अगस्त 2026। महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ परिवार और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आर्थिक योजना बनाने का अवसर भी दे रही है। लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत खुटिया निवासी श्रीमती उमा सिंह योजना के तहत मिलने वाली ₹1,000 की मासिक राशि अपनी बेटी के भविष्य के लिए पोस्ट ऑफिस में जमा कर रही हैं।
उमा सिंह ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर माह ₹1,000 की सहायता राशि मिलती है। वह इस राशि को खर्च करने के बजाय अपनी बेटी की पढ़ाई-लिखाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए पोस्ट ऑफिस में बचत के रूप में जमा कर रही हैं। उनका कहना है कि भविष्य में यह राशि बेटी की शिक्षा में काम आएगी।
उमा सिंह ने योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने का माध्यम बनी है।
महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं में बचत की आदत विकसित करने, परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बच्चों के भविष्य के लिए आर्थिक आधार तैयार करने में मददगार साबित हो रही है। उमा सिंह की पहल इसी सकारात्मक बदलाव का उदाहरण है, जहां योजना की राशि का उपयोग आज की जरूरतों के साथ आने वाले कल को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है।
