अम्बिकापुर, 24 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों और लंबित प्रशासनिक प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपार आईडी एवं जाति प्रमाणपत्र निर्माण, जन्म प्रमाणपत्र, एनएचएम पदों पर भर्ती, मुआवजा प्रकरण, नक्शा प्रोजेक्ट सहित पूर्व बैठकों एवं निरीक्षणों में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अतिरिक्त धान संग्रहण केंद्रों के लिए भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई के निर्देश एसडीएम अम्बिकापुर को दिए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत और पीजी पोर्टल से प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से उच्च स्तर पर भेजने के बजाय संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर समाधान करें। अधिक शिकायतों वाले विभागों को लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
डीएमएफ कार्यों और वसूली की समीक्षा

बैठक में डीएमएफ के अंतर्गत स्वीकृत एवं अपूर्ण निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएमएफ से जुड़े कार्यों और वसूली की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।
नीट पीजी परीक्षा की तैयारियों के निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने आगामी नीट पीजी परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों से गंभीरता से दायित्व का निर्वहन करने तथा परीक्षा केंद्रों और महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
सिविल कोर्ट के लंबित मामलों पर भी हुई समीक्षा
सिविल कोर्ट से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेज, जवाब और अन्य अभिलेख समय पर तैयार रखने तथा प्रकरणों की नियमित निगरानी करने कहा।
पंचायतवार निर्माण कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने जनपद पंचायतवार विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना, जनमन योजना, आंगनबाड़ी भवन, हैंडपंप, बोरवेल, विद्यालय भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और शौचालय निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
उन्होंने सभी प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों में आवश्यकतानुसार वीबी-जी राम-जी के अंतर्गत बालिकाओं के लिए स्कूलों में शौचालय निर्माण के कार्य स्वीकृत करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल, प्रशिक्षु आईएफएस श्री कुणाल मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
