कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर की चर्चा, खरसिया चौक की सड़क तत्काल सुधारने के दिए निर्देश
अंबिकापुर/रायपुर। अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, सड़क का समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। साथ ही अधिक यातायात वाले क्षेत्र में पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर नागरिकों के लिए सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मानसून में सड़कें आवागमन योग्य रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर तत्काल आवश्यक सुधार कराएं।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या अन्य कारणों से यदि आवागमन प्रभावित हो रहा हो तो तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्माण कार्य के दौरान लोगों को न हो परेशानी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां स्थायी निर्माण या मरम्मत का काम बारिश के कारण प्रभावित है, वहां भी गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी जैसे अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं, ताकि सड़क को चलने योग्य रखा जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चाहे राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी के अधीन हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।
बारिश के बाद निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण एवं स्थायी मरम्मत के काम गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
उन्होंने कलेक्टरों को अधिक यातायात दबाव वाले प्रमुख मार्गों और निर्माणाधीन सड़कों को चिन्हांकित कर उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण के कारण नागरिकों को लंबे समय तक असुविधा न हो, इसके लिए कार्यों की सतत मॉनिटरिंग जरूरी है।
खरसिया चौक की वायरल तस्वीरों और वीडियो के बाद मुख्यमंत्री के सीधे हस्तक्षेप से अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सड़क की तत्काल मरम्मत के साथ जल निकासी की समस्या पर भी प्रशासन जल्द ठोस कार्रवाई करेगा।
