वाड्रफनगर में ज्वैलरी दुकान से चोरी गई 14 किलो 175 ग्राम चांदी बरामद, करीब 39 लाख रुपये आंकी गई कीमत

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 स्थित अरविंद ज्वैलर्स में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बिहार के रोहतास जिले से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 14 किलो 175 ग्राम चांदी, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, सब्बल और नकदी बरामद की गई है। बरामद चांदी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 16 और 17 अगस्त की दरम्यानी रात अरविंद ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर चांदी एवं गिलेट के सामान चोरी होने के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी टीम, साइबर टीम, चौकी प्रभारी, थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों की करीब छह टीमें गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों के संभावित रूट की भी जांच की गई। पुलिस ने करीब छह राज्यों के सीसीटीवी फुटेज और विभिन्न तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के तार बिहार के रोहतास जिले से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम रोहतास पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में उपेंद्र चौधरी, शंकर चौधरी, नरेंद्र चौधरी, लालू चौधरी, राज कुमार चौधरी, अंगद चौधरी और सुनील कुमार सोनी शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक पिकअप वाहन में बाइक रखकर वाड्रफनगर पहुंचे थे और चोरी से पहले करीब दो दिनों तक क्षेत्र की रेकी की थी। उन्होंने आसपास की दुकानों और इलाके की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के बाद वारदात को अंजाम दिया और कई राज्यों से होते हुए बिहार लौट गए।

पुलिस के अनुसार चोरी की चांदी को आरोपियों ने करीब 60 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सुनील कुमार सोनी को बेचा था। इसके बाद चांदी को गलाकर उसकी अशुद्धियां हटाई गईं और उसे एक बड़ी सिल्ली के रूप में तैयार कर दिया गया था। पुलिस ने इसी सिल्ली को बरामद किया, जिसका वजन 14 किलो 175 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन क्रमांक BR 26 JC 3631, मोटरसाइकिल क्रमांक MH 15 KR 7977, एक सब्बल, मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

एसपी ने मामले की जांच में शामिल निरीक्षक जीतेंद्र सोनी, निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, साइबर प्रभारी हिम्मत सिंह, चौकी प्रभारी विमलेश सिंह तथा पीएसआई मनीष साहू, लखेश्वर कश्यप, गोकुल ध्रुव और अजय साहू सहित पूरी पुलिस टीम की सराहना की।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस या चौकी को सूचना दें। किराएदारों का सत्यापन कराने तथा मुसाफिर रजिस्टर में बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी दर्ज कराने की भी अपील की गई है।

वहीं, पुलिस ने ज्वैलर्स से दुकानों में सीसीटीवी कैमरे और अलार्म सिस्टम लगाने की अपील की है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंच सके। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाने के लिए बिहार पुलिस से संपर्क कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *