अंबिकापुर, 7 अगस्त।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में संचालित ’10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान’ का शुभारंभ गुरुवार को अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में किया गया। अभियान के पहले दिन विभिन्न विद्यालयों में लगभग 12 हजार विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए जीवनभर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प कराया गया।

अभियान की शुरुआत अंबिकापुर में ब्रह्माकुमारीज परिवार द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। रैली को भगवानपुर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. अपूर्व एवं मदारी आर्ट के संचालक आनंद गुप्ता ने शिव ध्वज दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से शहरवासियों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर सेवाकेंद्र की संचालिका बीके विद्या दीदी ने बताया कि यह अभियान 6 अगस्त से 20 अगस्त तक पूरे सरगुजा संभाग में संचालित किया जाएगा। इस दौरान स्कूलों, महाविद्यालयों, शासकीय एवं निजी कार्यालयों, सामाजिक संस्थाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी जाएगी और प्रतिज्ञा कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले दिन शासकीय मल्टीपरपज स्कूल के 1,965, मोंटफर्ट स्कूल के 540, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारगवा के 295, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेंड्राकला के 630, नेहरू विद्या मंदिर के 860, ब्राइट स्टार स्कूल के 110, पूर्व माध्यमिक शाला नमनाकला के 30, उच्चतर माध्यमिक शाला बोदा के 500 तथा माध्यमिक शाला ठाकुरपुर के 70 विद्यार्थियों सहित बतौली के विद्यालयों में 1,328, बलरामपुर में 1,157, बैकुंठपुर में 1,054 और सूरजपुर के विद्यालयों में 500 विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों को मिलाकर पहले दिन करीब 12 हजार विद्यार्थियों ने अभियान में भाग लिया।

अभियान में बीके विद्या दीदी के नेतृत्व में बीके रेखा बहन, बीके ममता बहन, बीके संजू बहन, बीके उमा बहन, बीके पार्वती बहन, बीके सरिता बहन, बीके मंजू बहन, बीके अहिल्या बहन, बीके लल्लू भाई, बीके मनोज भाई तथा बीके उमेश भाई सहित अनेक ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
बीके विद्या दीदी ने बताया कि अंबिकापुर के अलावा सरगुजा संभाग के अन्य 11 ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्रों के माध्यम से भी यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।
