शिवपुर कन्या एकलव्य विद्यालय की व्यवस्थाओं और 7 सितंबर की घटना की होगी जांच, प्रतीक्षा त्रिपाठी को प्राचार्य की जिम्मेदारी
अंबिकापुर, 08 सितंबर 2026। कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शिवपुर, विकासखंड बतौली की छात्राओं द्वारा 7 सितंबर को किए गए पैदल मार्च के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। घटना के साथ विद्यालय में सामने आई विभिन्न समस्याओं की जांच के लिए संयुक्त कलेक्टर, सरगुजा की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया गया है।
जांच प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव को आगामी आदेश तक सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, अंबिकापुर में संबद्ध किया गया है। उनके स्थान पर विद्यालय में पदस्थ पीजीटी (अंग्रेजी) प्रतीक्षा त्रिपाठी को प्राचार्य के दायित्वों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में पीजीटी (हिन्दी) अरविन्द अशोक तिग्गा को उनके मूल पदस्थापन स्थल एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, मैनपाट के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।
छात्रावास अधीक्षक से मांगा जवाब

विद्यालय की छात्रावास अधीक्षक आयुषी सोनी के विरुद्ध शासकीय कार्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने के संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। उनसे मामले में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।
वेतन भुगतान पर भी प्रशासन की निगरानी
प्रशासन ने विद्यालय में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। अब संबंधित कर्मचारियों के वेतन का भुगतान कलेक्टर एवं जिला स्तरीय समिति के अध्यक्ष के अनुमोदन के बाद ही किया जाएगा।
जांच समिति द्वारा छात्राओं के पैदल मार्च की घटना के साथ विद्यालयीन व्यवस्थाओं और सामने आई समस्याओं की पड़ताल की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
