
सूरजपुर। जिले की बदहाल और जर्जर सड़कों के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए बाईपास रोड पर चक्का जाम किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार, लोक निर्माण विभाग (PWD) और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के चलते बाईपास मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया तथा बाद में यातायात सामान्य कराया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले की अधिकांश प्रमुख सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं। बार-बार मांग और शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा सड़क मरम्मत की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। उनका कहना है कि खराब सड़कों के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जफर हैदर ने कहा कि यदि जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग शीघ्र सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं करते हैं तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़कों की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने तथा दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्रवाई करने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
