सरगुजा की 12 महिला खिलाड़ियों का हुआ चयन, पिछले वर्ष टीम ने हासिल किया था तीसरा स्थान
अम्बिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा अम्बिकापुर की महिला बास्केटबॉल टीम ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए त्रिपुरा रवाना हो गई है। प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 15 नवंबर 2026 तक त्रिपुरा विश्वविद्यालय में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सरगुजा की बेटियां अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय और जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता के लिए संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की टीम में सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ की 12 महिला खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें साक्षी तिर्की, प्रीति मिंज, सुष्मिता चौहान, रिमझिम मिश्रा, संशिता एक्का, हिमांशी सिंह, आकांक्षा किस्पोट्टा, श्रेया दास, रिबिका लकड़ा, प्रिया जायसवाल, कुमकुम पैकरा एवं सोनाली तिर्की शामिल हैं।
टीम के बेहतर प्रदर्शन और मार्गदर्शन के लिए के.आर. टेक्निकल कॉलेज के क्रीड़ाधिकारी रजत सिंह को कोच तथा होली क्रॉस कॉलेज की क्रीड़ाधिकारी राधा खलखो को टीम मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष भी विश्वविद्यालय की महिला बास्केटबॉल टीम ने ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया था और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था। इस वर्ष भी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी गांधी स्टेडियम अम्बिकापुर में नियमित अभ्यास करती हैं और प्रतियोगिता की तैयारी के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं।
समाजसेवी एवं वरिष्ठ खिलाड़ी संजय अग्रवाल ने चयनित सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की टीम में सरगुजा की 12 खिलाड़ियों का चयन होना जिले के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विश्वविद्यालय और सरगुजा जिले का नाम रोशन करेगी।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के निशांत सिंह गोल्डी, के.पी. सिंह, गौरव सिंह, सौरभ सिन्हा सहित के.आर. टेक्निकल कॉलेज एवं संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय परिवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
