साथी घायल, जन्मदिन से एक दिन पहले बुझी जिंदगी; कार की टक्कर से हुआ हादसा
बतौली। सावन के आखिरी सोमवार को भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने कैलाश गुफा जा रहे दो किशोर रविवार शाम सड़क हादसे का शिकार हो गए। बतौली थाना क्षेत्र के बगीचा मार्ग पर ग्राम बिलासपुर के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय राहुल बिंझिया की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।
उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा निवासी राहुल बिंझिया अपने दोस्त सुनील के साथ बाइक से कैलाश गुफा जाने के लिए निकला था। दोनों की योजना सावन के आखिरी सोमवार को भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने की थी।
बताया गया कि रविवार शाम करीब 6 बजे वे ग्राम बिलासपुर के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बतौली के शांतिपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील का इलाज जारी है।
जन्मदिन से एक दिन पहले चली गई जान

इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि राहुल का जन्मदिन 25 अगस्त को था। परिजनों के अनुसार वह भोलेनाथ को जल चढ़ाने के बाद अगले दिन अपना जन्मदिन मनाने की तैयारी में था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जन्मदिन से एक दिन पहले सड़क हादसे में उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है।
पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे में शामिल कार को जब्त कर बतौली पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
