अंबिकापुर, 27 अगस्त 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण केंद्र हब में रिक्त तीन संविदा पदों पर भर्ती के लिए अंतिम पात्रता सूची जारी कर दी है। दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद विभाग ने पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण केंद्र हब के लिए जेंडर विशेषज्ञ का 1 पद, आईटी वर्कर का 1 पद और डाटा एंट्री ऑपरेटर पीएमएमवीवाई का 1 पद रिक्त है। इन पदों पर भर्ती के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। प्राप्त आपत्तियों के निराकरण के पश्चात अब अंतिम पात्रता सूची जारी की गई है।

वेबसाइट पर देखी जा सकेगी सूची

अभ्यर्थी पात्र-अपात्र सूची का अवलोकन सरगुजा जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.surguja.gov.in तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय के सूचना पटल पर कर सकते हैं।

1:10 के अनुपात में होगा साक्षात्कार

विभाग के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों को वरियता क्रम के आधार पर 1:10 के अनुपात में साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साक्षात्कार की तिथि, समय और स्थान की सूचना पात्र अभ्यर्थियों को पृथक रूप से दी जाएगी।

विभाग ने अभ्यर्थियों से सलाह दी है कि वे भर्ती प्रक्रिया से संबंधित आगामी सूचना के लिए सरगुजा जिले की आधिकारिक वेबसाइट और कार्यालय के सूचना पटल पर नियमित रूप से जानकारी देखते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *