
अंबिकापुर। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में सरगुजा जिले के स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों ने शोक सभा आयोजित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सरगुजा पुलिस एवं जिले के स्वयंसेवी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा’ से जुड़े कार्यकर्ताओं ने स्थानीय घड़ी चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्तियां जलाकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोक सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने नेपाल की भीषण बाढ़ में दिवंगत लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए लापता लोगों के सकुशल मिलने तथा मृतकों के परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। वक्ताओं ने कहा कि नेपाल में हुई यह हृदयविदारक प्राकृतिक आपदा केवल एक देश की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज के लिए गहरा दुख है।
कार्यक्रम में नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा के संयोजक एवं वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय, वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता तथा साहित्यकार एवं कवि संतोष दास ‘सरल’ ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने आपदा में मृत लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति एकजुटता जताई।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी, सुजान विंद, सत्यनारायण यादव, बृजबिहारी द्विवेदी ‘बुचुन्नदा’, अधिवक्ता सुरेश बुनकर, अंकुर सिन्हा, युवा समाजसेवी संजय ठाकुर, विजय किशोर उपाध्याय, संतोष कुमार विश्वकर्मा, समाजसेविकाएं हिना खान, रीना ठाकुर एवं मनीषा सिन्हा सहित अन्य स्वयंसेवी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा के समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन केंद्र के काउंसलर अमृत लाल प्रधान ने किया।
