स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता को लेकर जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर होंगी विभिन्न गतिविधियां

अम्बिकापुर, 10 सितम्बर 2026। पोषण अभियान के तहत राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन तक स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाने के साथ स्वस्थ व्यवहार को बढ़ावा देना है। पोषण माह को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी की गई है।
भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, पंचायतीराज संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र, महिला स्व-सहायता समूहों, महिला मंडलियों, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
अभियान के दौरान जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए संबंधित विभागों के मैदानी अमले के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व वर्षों में आयोजित पोषण माह एवं पोषण पखवाड़े में भी विभिन्न विभागों और विकास संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही है।
पांच प्रमुख विषयों पर रहेगा फोकस

राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान पांच प्रमुख विषयों को केंद्र में रखकर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें आहार में विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन का सेवन, आंगनबाड़ी केंद्रों में ताजा एवं गरम पका हुआ भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उत्प्रेरण तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए नकद अंतरण शामिल हैं।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को अभियान के सफल संचालन के लिए अंतरविभागीय समन्वय मजबूत करने तथा दैनिक गतिविधियों के निर्धारित कैलेंडर के अनुसार पोषण संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और आमजन में संतुलित आहार, स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य व्यवहार को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

