घर में घुसकर 70 वर्षीय बशीरुद्दीन पर चाकू से किया हमला, इलाज के दौरान मौत; CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर मोहल्ले में बुधवार सुबह घर में घुसकर 70 वर्षीय बुजुर्ग पर किए गए जानलेवा चाकू हमले के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। घायल बशीरुद्दीन सिद्दीकी उर्फ लज्जू की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले की जांच में पुलिस को मृतक के दामाद की कथित भूमिका सामने आने के बाद उसे हिरासत में लिया गया है। उसकी निशानदेही पर एक अन्य संदिग्ध को भी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे बशीरुद्दीन अपने रसूलपुर स्थित घर में मौजूद थे। इसी दौरान तीन युवक अचानक घर के भीतर दाखिल हुए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावरों ने चाकू से बशीरुद्दीन पर कई वार कर दिए।

परिजनों के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन को परिजन पड़ोसियों की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रारंभिक रूप से मिशन अस्पताल ले जाने के बाद उन्हें फिरदौसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दोपहर में उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने की नाकेबंदी

वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई। आईजी दीपक झा, एसएसपी राजेश अग्रवाल, सीएसपी राहुल बंसल समेत पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही हमलावरों की तलाश के लिए शहर और जिले के अलग-अलग हिस्सों में नाकेबंदी कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में वारदात के बाद तीन संदिग्ध युवक घटनास्थल से भागते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

दामाद पर शक गहराया, तकिया मजार से हिरासत में लिया

पुलिस जांच में मृतक के दामाद की कथित भूमिका सामने आने के बाद टीम ने उसे शहर से लगे तकिया मजार क्षेत्र स्थित उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक अन्य संदिग्ध हमलावर को भी पकड़े जाने की जानकारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतक के दामाद ने कथित तौर पर अपने ससुर की हत्या के लिए सुपारी दी थी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के लिए बिहार से तीन लोगों को बुलाया गया था। हालांकि इस पूरी साजिश, सुपारी की रकम और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस की पूछताछ अभी जारी है।

दो आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस ने दामाद समेत दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वारदात में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।

पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की साजिश, सुपारी और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *