17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम, गांधी स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन

अंबिकापुर, 16 सितंबर 2026। सरगुजा जिले में गुरुवार से एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न हिस्सों में कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। इसके तहत जिले के गांवों, वार्डों, चौक-चौराहों, शासकीय कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

इस अभियान में अमृत सरोवरों, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों, महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं और बिहान समूहों की महिलाओं की भी भागीदारी होगी। प्रशासन के अनुसार प्रत्येक दीप को जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प के प्रतीक के रूप में प्रज्वलित किया जाएगा।

बच्चों की कल्पना में दिखेगा विकसित भारत

अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल भी आयोजित की जाएगी। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी स्कूलों में विकसित भारत की परिकल्पना तथा 25 वर्षों की जनसेवा से जुड़े विषयों पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

बच्चों द्वारा तैयार चित्रों और उनकी कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटकों के जरिए पहुंचाई जाएगी योजनाओं की जानकारी

अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन शुरू होगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे जुड़े बदलावों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है। अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर रहेगा।

विभागों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रम कैलेंडर के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से अभियान की विभिन्न गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों, गांवों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *