
स्कूल बस का पीछा कर गार्ड ने रोकी बस, चालक पर बंदूक तानकर की मारपीट, छात्रों में मची दहशत!
बीच रास्ते बस नहीं रोकने से नाराज निजी सुरक्षा गार्ड की दबंगई, चालक की शिकायत पर मामला दर्ज, वीडियो वायरल
बिश्रामपुर
सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर में एसईसीएल अनुबंध के तहत संचालित एक स्कूल बस के चालक के साथ मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीच रास्ते बस नहीं रोकने से नाराज एक निजी सुरक्षा गार्ड ने बाइक से बस का पीछा किया, उसे जबरन रुकवाया और चालक पर बंदूक तानकर उसके साथ मारपीट की। घटना के समय बस में कॉलेज के छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जो पूरे घटनाक्रम से भयभीत हो गए। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार घटना 3 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे की है। एसईसीएल अनुबंध की स्कूल बस छात्रों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। इसी दौरान आरटीआई कॉलोनी निवासी निजी सुरक्षा गार्ड मंगला यादव ने बस रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन स्कूल बस होने और सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए चालक रविंद्र पासवान ने बस नहीं रोकी।
बताया जा रहा है कि इससे नाराज गार्ड ने एक राहगीर की बाइक से बस का पीछा किया और भटगांव मार्ग स्थित काली मंदिर के पास बस को रुकवा लिया। बस रुकने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गार्ड ने चालक के साथ अभद्रता करते हुए बंदूक तान दी और उसके बट से हमला कर मारपीट की। इस दौरान बस में बैठे छात्र-छात्राएं सहम गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना के बाद बस चालक ने एसईसीएल प्रबंधन और बिश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी गार्ड मंगला यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक एसईसीएल प्रबंधन ने पहले से ही स्कूल बसों के चालकों को निर्देश दे रखे हैं कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीच रास्ते किसी भी व्यक्ति के इशारे पर बस नहीं रोकी जाएगी। पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।