
अंबिकापुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर में बालिकाओं के लिए क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। सरगुजा जिले में बालिका क्रिकेट को बढ़ावा देने तथा छात्राओं में खेल के प्रति रुचि और सहभागिता विकसित करने के उद्देश्य से इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर गुरु नानक वार्ड के पार्षद शैलेश कुमार सिंह (शैलू भैया), विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अपर्णा दुबे तथा स्कूल गेम्स क्रिकेट कोच श्री शौभिक दासगुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

संस्था के व्यायाम शिक्षक एवं राष्ट्रीय कोच श्री राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यालय में क्रिकेट खेल को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरगुजा जिले की एक मजबूत एवं प्रतिभाशाली बालिका क्रिकेट टीम तैयार करने के उद्देश्य से नियमित प्रशिक्षण और प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि छात्राएं जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्या सहित समस्त शिक्षकगण सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे। प्रशिक्षण शिविर का नियमित संचालन श्री शैलेन्द्र कस्तूरिया, श्री मंसूर आलम, श्री हुलेश साहू एवं श्रीमती कविता बंसल के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि यह पहल बालिकाओं में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करेगी। साथ ही आने वाले समय में सरगुजा जिले को महिला क्रिकेट के क्षेत्र में नई प्रतिभाएं देने में यह प्रशिक्षण शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
