भुवनेश्वरपुर प्री-मैट्रिक छात्रावास में छात्राओं का विरोध प्रदर्शन, हटाने के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन

सूरजपुर। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के भुवनेश्वरपुर स्थित प्री-मैट्रिक छात्रावास की छात्राओं ने सोमवार को छात्रावास अधीक्षिका को हटाने की मांग को लेकर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने छात्रावास में अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलता और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं कराई जाती।

छात्राओं का आरोप है कि कपड़े धोने और नहाने के लिए पर्याप्त सर्फ व साबुन नहीं मिलता। इसके अलावा भोजन की गुणवत्ता और छात्रावास की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी वे परेशान हैं। छात्राओं ने अधीक्षिका अनुपा लकड़ा को हटाने की मांग करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

बताया गया कि अधीक्षिका अनुपा लकड़ा का मूल पद शिक्षक का है और वह ओड़गी के मिडिल स्कूल उमझल में पदस्थ हैं। वर्तमान में उन्हें भुवनेश्वरपुर प्री-मैट्रिक छात्रावास में अधीक्षिका की जिम्मेदारी दी गई है। छात्राओं की शिकायतों के बीच उनकी कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए गए।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुनी छात्राओं की समस्या

छात्राओं के सड़क पर बैठने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी विराट वीसी, तहसीलदार मनहरण सिंह राठिया सहित अन्य अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाने का प्रयास किया।

हटाने के आश्वासन पर समाप्त किया आंदोलन

मामले की जानकारी मिलने पर आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक संचालक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। सहायक संचालक ने छात्राओं को बताया कि शाम तक छात्रावास अधीक्षिका को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारी के आश्वासन के बाद छात्राओं ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। हालांकि छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि छात्रावास की भोजन व्यवस्था और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री सहित पूरी व्यवस्थाओं में सुधार चाहिए।

बताया गया है कि ओड़गी जनपद की उपाध्यक्ष सुधा देवी तिवारी द्वारा भी पूर्व में अधीक्षिका को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर वापस भेजने के संबंध में पत्राचार किया गया था। अब छात्राओं के विरोध के बाद विभाग द्वारा अधीक्षिका को हटाने का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *