सूरजपुर। सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खुखड़ी बीनने जंगल पहुंचे ग्रामीणों की नजर साल के एक पेड़ पर पड़ी। पेड़ पर युवक और युवती के शव एक ही दुपट्टे से फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। भयावह दृश्य देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल की बताई जा रही है, जो सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा के नजदीक स्थित है। सूचना मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद दोनों शवों को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एक ही दुपट्टे के दोनों सिरों से लगाया फंदा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती ने दुपट्टे के दोनों सिरों से अलग-अलग फंदा बनाकर पेड़ पर फांसी लगाई थी। घटनास्थल के पास एचएफ डिलक्स बाइक क्रमांक CG 15 DG-3422 भी बरामद हुई है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों बाइक से जंगल पहुंचे होंगे।
बारिश के कारण दोनों शव भीगे हुए थे। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
जेब में मिले आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान
पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से आधार कार्ड मिला। इसके आधार पर मृतक की पहचान सूरजपुर जिले के खड़गवां निवासी मूलचंद पिता मोहरलाल, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे। युवक का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
युवती की पहचान अब भी पहेली
मृत युवती की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
