अम्बिकापुर। नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा के सदस्यों ने संयोजक मंगल पाण्डेय के नेतृत्व में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा रितेश चौधरी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान टीम ने अभियान के विभिन्न क्रियाकलापों एवं अब तक किए गए जागरूकता कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लो भी उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम टीम के सदस्यों ने नवपदस्थ एएसपी रितेश चौधरी को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इसके बाद केंद्र के समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा ने उपस्थित सदस्यों से परिचय कराया। सदस्यों ने अपना परिचय देते हुए नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए।
अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि नवा बिहान अभियान के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति के साथ-साथ साइबर अपराध, साइबर अपराधों से बचाव तथा यातायात नियमों के प्रति निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा नशे की लत से छुटकारा पाने के इच्छुक लोगों की काउंसलिंग भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो के दिशा-निर्देशन में अभियान लगातार संचालित होता रहा है और भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश की अपेक्षा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नवा बिहान अभियान सरगुजा पुलिस एवं जिले के स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से संचालित एक अभिनव पहल है। अभियान को समुदाय, मीडिया, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है।

नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अभियान को आगे भी निर्बाध रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 18 अगस्त 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम के संबंध में टीम से चर्चा की तथा कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव देने को कहा। उपस्थित सदस्यों ने कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर टीम की वरिष्ठ सदस्य समाजसेविका राजयोगिनी बीके विद्या दीदी, वंदना दत्ता दीदी, वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी, उप निरीक्षक अभय तिवारी, समाजसेवी अधिवक्ता विजय शंकर तिवारी, समाजसेवी एवं साहित्यकार कवि संतोष दास ‘सरल’, समाजसेवी एवं शिक्षक डॉ. अंचल सिन्हा, समाजसेवी अमृत लाल प्रधान, युवा समाजसेविका हिना खान, रीना ठाकुर एवं युवा समाजसेवी संतोष कुमार विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
