अंबिकापुर, 27 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ राज्य शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक ने 25 एवं 26 अगस्त को सरगुजा जिले के दो दिवसीय प्रवास के दौरान उद्यानिकी विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी अंबिकापुर तथा फुली ऑटोमेटिक प्लग टाइप सीडलिंग यूनिट का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की जानकारी ली।
अध्यक्ष के साथ बोर्ड के सदस्य बसंत पटेल, प्रेम पटेल, प्रेमलाल पटेल और संतोष पटेल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और किसानों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप संचालक उद्यान हितेन्द्र कुमार मेश्राम ने जिले में संचालित उद्यानिकी योजनाओं, विभिन्न फसलों के क्षेत्र विस्तार तथा किसानों को विभागीय योजनाओं से दिए जा रहे लाभ की जानकारी प्रस्तुत की। बोर्ड अध्यक्ष एवं सदस्यों ने योजनाओं से लाभान्वित किसानों से चर्चा कर जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति भी जानी।
छोटे और सीमांत किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश

राजेंद्र नायक ने कहा कि सरगुजा जिले में उद्यानिकी विभाग की गतिविधियों की प्रगति बेहतर है। उन्होंने अधिकारियों को छोटे और सीमांत किसानों को उद्यानिकी फसलों की ओर लगातार प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही नए किसानों को विभागीय योजनाओं का नियमानुसार लाभ दिलाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए उनकी उपज के लिए उचित बाजार और बेहतर विपणन व्यवस्था उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे किसानों को उनकी फसलों का बेहतर मूल्य मिल सकेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
उद्यानिकी क्षेत्र को मजबूत बनाने पर जोर

बोर्ड अध्यक्ष ने उद्यानिकी क्षेत्र के विस्तार के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को नई तकनीक और उद्यानिकी फसलों से जोड़ने तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के अंत में विभागीय अधिकारियों ने जिले में उद्यानिकी विकास के लिए किए जा रहे कार्यों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
