अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय गर्भवती युवती और उसके गर्भ में पल रहे 7 माह के शिशु की मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले राजपुर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर किया था।
परिजनों के अनुसार युवती का ग्राम बगाड़ी निवासी सूरज गोंड़ से प्रेम संबंध था। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। करीब पांच माह की गर्भावस्था के बाद परिजनों को इसकी जानकारी हुई। युवती से पूछताछ करने पर उसने प्रेम संबंध की बात बताई। इसके बाद परिजन युवक के घर पहुंचे और दोनों की शादी कराने की बात रखी, लेकिन युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि उस समय परिवार ने सामाजिक बदनामी और लोक-लाज के चलते पुलिस में शिकायत नहीं की। शादी से इनकार के करीब दो माह बाद युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे राजपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान युवती और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।

गर्भस्थ शिशु का डीएनए सैंपल सुरक्षित
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में युवती के सूरज गोंड़ के साथ प्रेम संबंध होने की जानकारी दी है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने गर्भस्थ शिशु का डीएनए सैंपल सुरक्षित रखा है।
फिलहाल केस डायरी राजपुर पुलिस को भेजी गई है। पुलिस मौत के कारणों और युवती के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
