संदेह के दायरे में मौजूद लोगों के नाम एफआईआर में जोड़ने की मांग, कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर। कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह सिद्धू एवं उनकी पत्नी पर हुए कथित जानलेवा हमले को लेकर सोमवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में सरगुजा पुलिस अधीक्षक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हमले से जुड़े संदेह के दायरे में आने वाले लोगों के नाम एफआईआर में शामिल करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार 29 अगस्त की रात गुरुप्रीत सिंह सिद्धू के घर में घुसकर उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई थी। घटना में गंभीर रूप से घायल गुरुप्रीत सिंह सिद्धू का रायपुर स्थित डीकेएस सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्रकाश साहू पर लगाए आरोप

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि घायल गुरुप्रीत सिंह सिद्धू ने हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू की भूमिका होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि घटना में शामिल बताए जा रहे कुछ लोग प्रकाश साहू के रिश्तेदार और व्यावसायिक साझेदार हैं। इसी आधार पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एफआईआर में प्रकाश साहू का नाम जोड़कर पूरे मामले की गहराई से जांच करने की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने पुलिस अधीक्षक से चर्चा के दौरान प्रकाश साहू के खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों का हवाला देते हुए उसके विरुद्ध रासुका के तहत कार्रवाई की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदार राजनीति के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सुरक्षा मिलना जरूरी है।

हमलावरों से संपर्क में रहे लोगों की जांच की मांग

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने घटना के दौरान कथित हमलावरों के संपर्क में रहे मोबाइल नंबरों और लोगों की पहचान कर जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि घटना के पीछे कौन लोग थे और इसकी साजिश में किसकी भूमिका रही।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में भानुप्रताप सिंह, इरफान सिद्दीकी, अरविंद सिंह, हेमंत तिवारी, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत विशाल जायसवाल, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, आशीष वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मीडिया से चर्चा में कहा कि जिले में हाल के दिनों में सामने आए ऐसे मामलों को भी विधानसभा में प्रश्न के रूप में उठाने के लिए भेजा जाएगा, जिनमें कांग्रेस के अनुसार भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका की शिकायतें सामने आई हैं। कांग्रेस ने पुलिस से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *