अंबिकापुर-रामानुजगंज के रास्ते झारखंड निकलने की थी तैयारी, पुलिस ने सोने की चेन और चांदी की पायल बरामद की
राजपुर। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में घर से जेवर चोरी कर फरार हुईं दो महिलाओं को राजपुर पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों महिलाएं अंबिकापुर और रामानुजगंज के रास्ते झारखंड की ओर निकलने की कोशिश में थीं। शहडोल पुलिस से मिली सूचना के आधार पर राजपुर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, शहडोल कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला ने घरेलू कामकाज के लिए दो महिलाओं को मासिक वेतन पर रखा था। महिला की तबीयत खराब होने पर वह इलाज के लिए अस्पताल गई थी। इसी दौरान दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर घर में रखे जेवर पर हाथ साफ किया और वहां से फरार हो गईं।
सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस हुई सतर्क
घटना की जानकारी मिलने के बाद शहडोल पुलिस ने दोनों संदिग्ध महिलाओं का हुलिया और अन्य जरूरी जानकारी राजपुर पुलिस के साथ साझा की। सूचना के आधार पर राजपुर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। इसी दौरान बताए गए हुलिए से मिलती-जुलती दो महिलाएं पुलिस के हाथ लगीं।
पूछताछ के शुरुआती दौर में दोनों ने पुलिस को अपना सही नाम-पता नहीं बताया। बाद में महिला पुलिसकर्मियों की पूछताछ में चोरी की घटना से जुड़े होने की बात सामने आई। पकड़ी गई दोनों महिलाएं देवरिया, उत्तर प्रदेश की निवासी बताई गई हैं।
शहडोल पुलिस टीम ने पहुंचकर की बरामदगी
दोनों महिलाओं के पकड़े जाने की सूचना के बाद थाना कोतवाली शहडोल की महिला पुलिस टीम राजपुर पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन और चांदी की पायल बरामद की गई है। आगे की कार्रवाई शहडोल कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है।
मामले में थाना कोतवाली शहडोल में अपराध क्रमांक 429/26 दर्ज है। पुलिस के मुताबिक प्रकरण में धारा 303(2), 306 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में शहडोल कोतवाली के सहायक उपनिरीक्षक विश्वनाथ तिवारी, प्रधान आरक्षक सरिता सिंह राठौर, महिला आरक्षक अरुंधती एवं प्रियंका ताम्रकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
