ग्रामीणों, श्रमिकों और आवास हितग्राहियों से हुआ सीधा संवाद, योजनाओं की जानकारी के साथ समस्याओं के समाधान पर जोर
अंबिकापुर, 07 सितंबर 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की पहुंच मजबूत करने और हितग्राहियों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर समझकर उनका समाधान करने के उद्देश्य से सरगुजा जिले की सभी 439 ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में हुए आयोजन में ग्रामीणों, श्रमिकों और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों से सीधे बातचीत की गई।
कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत जी-राम जी योजना के तहत रोजगार से जुड़े प्रावधानों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों और मैदानी अमले ने हितग्राहियों की परेशानियां सुनीं और जहां संभव हुआ, मौके पर ही समाधान की पहल की गई।
रोजगार के अधिकार और जॉब कार्ड से जुड़ी जानकारी

रोजगार दिवस के दौरान श्रमिकों को योजना के तहत मिलने वाले रोजगार और उनके अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई। ग्राम पंचायतों में जॉब कार्ड, 125 दिवस रोजगार की गारंटी, काम की मांग दर्ज कराने की प्रक्रिया, पंचायतों में चल रहे और प्रस्तावित कार्यों तथा मजदूरी भुगतान जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
श्रमिकों को बताया गया कि रोजगार की आवश्यकता होने पर समय पर कार्य की मांग दर्ज कराना जरूरी है। साथ ही मजदूरी भुगतान से जुड़े प्रावधानों की भी जानकारी दी गई, जिसमें 15 दिवस के भीतर मजदूरी भुगतान का प्रावधान शामिल है।
इस दौरान ग्रामीणों ने जॉब कार्ड, रोजगार उपलब्ध कराने, मजदूरी भुगतान तथा पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों को लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। संबंधित अमले ने कई मामलों में तत्काल समाधान की कार्रवाई की, जबकि लंबित प्रकरणों के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
अधूरे और शुरू नहीं हुए आवासों की ली गई जानकारी
आवास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के ऐसे हितग्राहियों पर विशेष ध्यान दिया गया, जिनके आवास अभी अपूर्ण हैं या निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। हितग्राहियों से व्यक्तिगत संवाद कर यह जानने का प्रयास किया गया कि आवास निर्माण में उन्हें किन व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। उन्हें योजना के निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण करते हुए आवास को जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्राम पंचायत स्तर पर पदस्थ अमले को भी निर्देशित किया गया कि वे आवास हितग्राहियों के लगातार संपर्क में रहें और निर्माण की प्रगति की नियमित जानकारी लेते रहें। आवश्यकता पड़ने पर हितग्राहियों को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
सरपंच से लेकर बिहान समूह की दीदियों ने संभाली जिम्मेदारी

दोनों आयोजनों में ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र और बिहान समूह की दीदियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाने का काम किया गया।
प्रशासन की ओर से स्थानीय स्तर पर संवाद को प्राथमिकता देने का उद्देश्य यही रहा कि ग्रामीणों को रोजगार और आवास जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़ी जानकारी के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े।
गांव में ही जानकारी और समाधान उपलब्ध कराने की पहल
जिले की सभी 439 ग्राम पंचायतों में एक साथ आयोजित रोजगार दिवस एवं आवास दिवस के जरिए शासन की योजनाओं को ग्रामीणों के बीच सीधे पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में केवल योजनाओं की जानकारी देने के बजाय हितग्राहियों की वास्तविक स्थिति जानने और उनकी समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।
प्रशासन का जोर है कि पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और रोजगार तथा आवास से जुड़े लंबित मामलों का स्थानीय स्तर पर प्रभावी ढंग से निराकरण किया जा सके।
