वीरता, शौर्य, साहस और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला को मिलेगा 2 लाख रुपये का पुरस्कार

अम्बिकापुर, 10 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं में वीरता, शौर्य एवं साहस तथा महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रतिवर्ष ‘वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाता है। वर्ष 2026 के पुरस्कार के लिए जिले की पात्र एवं इच्छुक महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस पुरस्कार के तहत चयनित एक महिला को 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के लिए प्राप्त आवेदनों का जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा परीक्षण एवं स्क्रीनिंग की जाएगी।

जिला स्तर पर प्राप्त प्रविष्टियों में से दो सर्वोत्कृष्ट महिलाओं का चयन कर उनकी अनुशंसा महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय, नवा रायपुर को भेजी जाएगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुरस्कार के लिए अंतिम चयन किया जाएगा।

25 सितंबर तक जमा करें आवेदन

जिले की इच्छुक एवं पात्र महिलाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन और आवश्यक दस्तावेज 25 सितंबर 2026 तक जिला कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, अम्बिकापुर (सरगुजा) में जमा कर सकती हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

यह पुरस्कार महिलाओं के साहस, उपलब्धियों और समाज के प्रति उनके योगदान को पहचान देने की दिशा में शासन की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *