महिला उत्थान, सामाजिक सरोकार और नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं व संस्थाओं को मिलेगा सम्मान

अम्बिकापुर, 10 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला उत्थान और नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं एवं अशासकीय संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न सम्मान प्रदान किए जाते हैं। इसी क्रम में वर्ष 2026 के लिए ‘मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान)’ और ‘माता बहादुर कलारिन सम्मान’ के लिए पात्र महिलाओं एवं संस्थाओं से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं।

मिनी माता सम्मान के लिए आवेदन आमंत्रित

महिलाओं, विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अथवा अशासकीय संस्था को प्रतिवर्ष ‘मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान)’ प्रदान किया जाता है।

वर्ष 2026 के लिए चयनित एक महिला अथवा संस्था को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाएगी। प्राप्त प्रविष्टियों की जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा स्क्रीनिंग एवं परीक्षण किया जाएगा। इनमें से सर्वोत्कृष्ट दो महिलाओं अथवा संस्थाओं का चयन कर उनकी अनुशंसा संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, नवा रायपुर को भेजी जाएगी।

माता बहादुर कलारिन सम्मान के लिए भी प्रविष्टियां आमंत्रित

महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष तथा नारी उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं अभूतपूर्व कार्य करने वाली महिलाओं को प्रतिवर्ष ‘माता बहादुर कलारिन सम्मान’ प्रदान किया जाता है। वर्ष 2026 के सम्मान के लिए पात्र महिलाओं से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं।

इस सम्मान के तहत चयनित एक महिला को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाएगी। प्राप्त प्रविष्टियों का जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा परीक्षण किया जाएगा तथा सर्वोत्कृष्ट दो महिलाओं का चयन कर उनकी अनुशंसा संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, नवा रायपुर को भेजी जाएगी।

25 सितंबर तक जमा कर सकते हैं आवेदन

दोनों सम्मानों के लिए जिले की इच्छुक एवं पात्र महिलाएं तथा संबंधित अशासकीय संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज 25 सितंबर 2026 तक जिला कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, अम्बिकापुर (सरगुजा) में प्रस्तुत कर सकती हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *