गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम

अंबिकापुर। शहर के रसुलपुर मोहल्ले में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर के भीतर हुए विवाद के बाद एक अधेड़ व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में बशीरुद्दीन उर्फ लज्जु गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे रसुलपुर क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक बशीरुद्दीन के घर पहुंचे थे। घर के अंदर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर युवकों ने बशीरुद्दीन के साथ मारपीट शुरू कर दी।

इसी दौरान चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अधेड़ पर लगातार तीन बार चाकू से वार किया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और आरोपियों की पहचान भी पुलिस जांच के दायरे में है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद रसुलपुर क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा और चिंता का माहौल है। पुलिस का प्रयास है कि उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान कर मामले की आगे की कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *