शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, बिजली-पानी और विसर्जन स्थलों की व्यवस्थाओं पर मंथन

अंबिकापुर, 15 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा समेत आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल की मौजूदगी में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों और विभिन्न उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों ने त्योहारों के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं को लेकर सुझाव भी दिए। कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर हैं। उन्होंने सभी से उत्साह के साथ त्योहार मनाने के साथ यह भी सुनिश्चित करने की अपील की कि किसी नागरिक को असुविधा न हो।

उन्होंने प्रशासन, पुलिस, आयोजन समितियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए अधिकारियों को स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजन समितियों से भी सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करने को कहा गया।

डीजे की तेज आवाज पर पुलिस की नजर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। शांति समिति के सदस्यों से मिले सुझावों के आधार पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रिहायशी इलाकों में अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने से होने वाली परेशानी को देखते हुए निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

धार्मिक आयोजनों में मर्यादित और भक्तिपूर्ण गीतों को प्राथमिकता देने की अपील भी की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना है।

विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम

गणेश और दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सुरक्षित और उपयुक्त विसर्जन स्थलों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, आवश्यकता के अनुसार क्रेन और एसडीआरएफ टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखने के निर्देश दिए गए। प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग तथा शहर और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरत के अनुसार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

बड़े पंडालों में सीसीटीवी, भंडारा स्थलों पर सफाई की जिम्मेदारी

बड़े गणेश और दुर्गा पंडालों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने सक्षम पंडालों में सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

भंडारा आयोजित करने वाली समितियों को आयोजन स्थल की साफ-सफाई की जिम्मेदारी तय करने तथा कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कचरा नहीं फैलने देने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान हुल्लड़बाजी पर नियंत्रण रखने और धार्मिक एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

दशहरा, दीपावली और छठ पर भी रहेगी विशेष निगरानी

दशहरा पर्व पर रावण दहन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए पटाखा गोदामों को शहर से बाहर किए जाने की जानकारी बैठक में दी गई। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले दुकान संचालकों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई।

त्योहारों के दौरान नशे में उत्पात करने वालों पर कार्रवाई के साथ महिलाओं से छेड़छाड़ और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए भी पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया।

जिला प्रशासन ने नागरिकों और आयोजन समितियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। आपसी भाईचारे, अनुशासन और सौहार्द के साथ त्योहार मनाकर जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सभी अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *