होटल मयूरा में तीन दिवसीय संभाग स्तरीय प्रशिक्षण, 6 जिलों के 49 ब्लॉक अध्यक्ष और 12 मास्टर ट्रेनर ले रहे हिस्सा

अंबिकापुर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत सरगुजा संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से अंबिकापुर के होटल मयूरा में शुरू हो गया। तीन दिवसीय शिविर में संभाग के छह जिलों के 49 संगठनात्मक ब्लॉक अध्यक्षों के साथ 12 मास्टर ट्रेनर हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर का समापन 17 सितंबर को होगा।
शिविर का शुभारंभ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत और प्रभारी प्रदेश संगठन महामंत्री मलकीत गैदु ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कांग्रेस से जुड़ी देश की महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि भी अर्पित की गई।
उद्घाटन सत्र में संभाग के विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ पूर्व विधायक भी मौजूद रहे।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर

प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण की प्रक्रिया पहले जिलाध्यक्षों से शुरू हुई थी, जिसका अगला चरण ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया आगे बूथ स्तर तक जारी रहेगी।
मीडिया से चर्चा के दौरान बैज ने कहा कि संगठन को मजबूत और एकजुट दिशा देने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आगामी चुनावों की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार करने की कवायद
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि पार्टी ऐसे कार्यकर्ताओं की मजबूत इकाई तैयार करने की दिशा में काम कर रही है, जो निरंतर सक्रिय रहते हुए कांग्रेस के जनाधार को मजबूत कर सके। उन्होंने कहा कि उदयपुर अधिवेशन में लिए गए संकल्प के अनुरूप संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर का संचालन मुख्य प्रशिक्षक युगल किशोर पांडेय ने किया।

पहले दिन पांच प्रशिक्षण सत्र
उद्घाटन सत्र के बाद पहले दिन पांच अलग-अलग प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राजस्व व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति पर प्रशिक्षण दिया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने खनिज संपदा के दोहन और वनों के विनाश से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी। वहीं जनजातीय आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने आयोग की कार्यप्रणाली एवं जनजातीय अधिकारों से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण दिया।
पीसीसी प्रशिक्षक युगल किशोर पांडेय ने प्रशिक्षण की आवश्यकता और संगठन सृजन अभियान के उद्देश्यों पर जानकारी दी। प्रशिक्षक अशोक चतुर्वेदी ने कांग्रेस के इतिहास और विचारधारा से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।
दूसरे दिन वरिष्ठ नेता देंगे संगठन को लेकर टिप्स

प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी सहित अन्य वक्ता प्रशिक्षण सत्रों में शामिल होंगे। वे ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठनात्मक गतिविधियों तथा जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
कांग्रेस के अनुसार प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, जनसरोकारों तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति अधिक सक्रिय बनाना है।

