हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित प्रतियोगिता में कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग के कैडेट्स ने लिया हिस्सा, अरिहंत और कटारी हाउस रहे विजेता

अंबिकापुर, 16 सितंबर 2026। सैनिक स्कूल अंबिकापुर में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग के कैडेट्स ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और कविता पाठ के जरिए अपनी भाषायी प्रतिभा, भावाभिव्यक्ति और मंचीय कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कैडेट्स के अलावा विद्यालय के शिक्षकों और अन्य सदस्यों ने भी सहभागिता की। शिक्षक वर्ग में श्री रविंद्र तिवारी ने प्रथम और श्री सौरभ कुमार जैन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में कैडेट स्मित भारते प्रथम तथा कैडेट आदित्य पांडेय द्वितीय रहे। हाउस स्तर की कनिष्ठ वर्ग प्रतियोगिता में अरिहंत हाउस ने पहला स्थान हासिल किया।

वरिष्ठ वर्ग में कैडेट शिवम सिंह ठाकुर ने प्रथम और कैडेट आयुष श्रीवास ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग की हाउस प्रतियोगिता में कटारी हाउस विजेता रहा।

उच्चारण से मंचीय प्रभाव तक हुआ मूल्यांकन

प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल गठित किया गया था। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों को उच्चारण, स्वर, लय, भावाभिव्यक्ति, कंठस्थ प्रस्तुति और मंचीय प्रभाव सहित विभिन्न मानकों के आधार पर परखा गया। निर्णायक मंडल में श्री रंजीत सारथी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम के प्रभारी श्री आनंद कुमार त्रिपाठी ने प्रतियोगिता के आयोजन और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं।

हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम में उपप्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास ने हिंदी भाषा की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कैडेट्स और विद्यालय के सदस्यों को दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद उपप्राचार्य प्रशासनिक अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर जेम्स नायर ने प्रतिभागियों और विजेताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स में भाषायी दक्षता, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और मंच पर अपनी बात रखने की क्षमता विकसित होती है।

प्रतियोगिता के दौरान कैडेट्स ने हिंदी कविता के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, वीरता और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। आयोजन से विद्यालय में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और सम्मान को बढ़ावा मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *