अंबिकापुर में PMAY-U 1.0 के तहत 5,170 आवास स्वीकृत, 4,405 पूर्ण और 328 आवास निर्माणाधीन

अम्बिकापुर, 17 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 1.0 की प्रगति को लेकर नगर पालिक निगम अंबिकापुर में आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वीकृत आवासों की स्थिति, निर्माणाधीन आवासों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जानकारी दी गई कि अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में PMAY-U 1.0 के अंतर्गत कुल 5,170 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 4,405 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि 328 आवास निर्माणाधीन हैं। शेष 437 हितग्राहियों के आरआरसी प्रकरणों में रिकवरी की कार्रवाई चल रही है। संबंधित प्रकरणों को तहसील कार्यालय भेजा जा चुका है।

निर्माणाधीन आवासों को पूरा कराने पर जोर

शासन के निर्देशानुसार योजना के तहत सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण 25 सितंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। वहीं हितग्राहियों को देय भुगतान से संबंधित प्रक्रिया 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण करने की समय-सीमा निर्धारित है। इसके बाद योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को भुगतान नहीं किए जाने की जानकारी बैठक में दी गई।

आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल ने निर्माणाधीन आवासों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को हितग्राहियों से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा निर्माण में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा।

स्थल निरीक्षण और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

आयुक्त ने आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग के साथ स्थल निरीक्षण करने और लंबित कार्यों की लगातार समीक्षा करने पर जोर दिया। जोन इंजीनियर, CLTC, आर्किटेक्ट और सर्वेयर को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में 437 आरआरसी प्रकरणों को तहसील कार्यालय भेजे जाने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। निर्माणाधीन आवासों के हितग्राहियों से शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए आवश्यक समन्वय करने को कहा गया।

समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए PMAY-U 1.0 के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में नोडल अधिकारी राजेश कुमार राम, सहायक अभियंता, सभी जोन इंजीनियर, CLTC, आर्किटेक्ट, सर्वेयर तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *