8 भट्ठियों में चल रहा था अवैध कारोबार, 480 किलो महुआ लाहन और 70 लीटर शराब जब्त
अंबिकापुर। 15 अगस्त के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के संकटमोचन मंदिर पटपरिया इलाके में किराए के मकान में संचालित अवैध महुआ शराब बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर किराए के मकान में दबिश दी। मौके पर 8 भट्ठियों में महुआ शराब बनाने का कारोबार संचालित होते पाया गया। टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 480 किलो महुआ लाहन और 70 लीटर तैयार महुआ शराब जब्त की।
शराब बनाने के उपकरण भी जब्त
आबकारी टीम ने मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण और बर्तन भी जब्त किए हैं। जांच के दौरान सामने आया कि मकान में लंबे समय से अवैध रूप से महुआ शराब तैयार करने का काम किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान अर्जुन कुजूर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
15 अगस्त को लेकर बढ़ाई गई निगरानी
आबकारी विभाग द्वारा स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मिली सूचना पर यह कार्रवाई की गई। विभाग ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
पटपरिया क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। आबकारी विभाग की टीम अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि जब्त शराब और महुआ लाहन की सप्लाई कहां से होती थी तथा तैयार शराब को किन क्षेत्रों में खपाया जाना था।
